PVC Resin

S 260822 GBS Sales Report 34B

शनिवार, 22 अगस्त 2026 GBS Market Report - PVC Resin

GBS Market Report

PVC Resin

Report 34B

पहले पिछली दो रिपोर्ट का हिसाब

11 अगस्त को हमने लिखा था कि उस वक्त भाव चढ़ने की ठोस वजह नहीं है। बारिश ज़्यादा, दुकानदार की मांग ठंडी, आगे छुट्टियों से भरा हफ्ता, और गोदाम पहले से भरे हुए। हफ्ता ठीक वैसा ही निकला।

18 अगस्त तक तस्वीर पलट चुकी थी और हमने साफ लिख दिया था — जितना PVC चाहिए, आज तय कर लीजिए। तीन हफ्ते में ₹7 चढ़ चुका है, और दो रुपये के इंतज़ार में वो और चढ़ेगा।

उस बात को चार दिन हुए हैं।

आज रिलायंस ने फिर ₹1.50 प्रति किलो बढ़ा दिया।

जिन्होंने 18-19 अगस्त को माल तय कर लिया, उनका पैसा बन चुका है। जो "थोड़ा और नीचे आएगा" सोचकर बैठे रहे, वो आज ऊँचे भाव पर भी माल ढूंढ रहे हैं — और कई को मिल भी नहीं रहा।

अब तक का पूरा जोड़

27 जुलाई — सभी ग्रेड ₹2,000/MT ऊपर
1 अगस्त — हाई-K ₹3,000, लो-K ₹4,000/MT ऊपर
13 अगस्त — सभी ग्रेड ₹1,000/MT ऊपर
22 अगस्त — ₹1,500/MT ऊपर

यानी लो-K पर ₹8.50 प्रति किलो और हाई-K पर ₹7.50 प्रति किलो, चार हफ्ते से भी कम में। और इतना चढ़ने के बाद भी माल पूरा नहीं मिल रहा।

आगे क्या दिख रहा है

क्रूड

ब्रेंट आज $95 के आसपास चल रहा है। महीने भर पहले से ऊपर, और पिछले साल इसी वक्त के मुकाबले करीब 40% ऊपर। जुलाई के आखिर में एक बार $100 पार भी कर गया था। होर्मुज़ का तनाव जस का तस है, इसलिए नीचे आने की उम्मीद फिलहाल छोड़ दीजिए।

समुद्री भाड़ा

पीक सीज़न इस बार जल्दी आ गया। कैरियर freight रेट बढ़ा चुके हैं और बंकर महंगा है। भाड़े का हर रुपया सीधे लैंडेड कॉस्ट में जुड़ेगा।

शिपिंग

शिपिंग लाइनें माल उठा ही नहीं रहीं। ब्लैंक सेलिंग चल रही है, कंटेनर का बैकलॉग अब तक साफ नहीं हुआ। बुकिंग हो भी जाए तो डिलीवरी की तारीख कोई नहीं बता रहा। कागज़ पर माल आ रहा है, गोदाम तक नहीं पहुंच रहा।

VCM

PVC बनता ही VCM से है, और उसकी दुनिया भर में तंगी आ गई है। जब कच्चा माल ही कम पड़ रहा हो तो तैयार माल के सस्ते होने का सवाल कहाँ से उठेगा।

डॉलर

₹95 के आसपास ऊपर ही टिका हुआ है, नरम पड़ने का कोई संकेत नहीं। इम्पोर्ट की पूरी लागत इसी से बंधी है।

इम्पोर्ट

और इम्पोर्ट का दरवाज़ा वैसे भी बंद है। 24 जुलाई से सस्पेंशन ग्रेड PVC पर $766 प्रति टन CIF का मिनिमम इम्पोर्ट प्राइस लागू है, जनवरी 2027 तक। इससे नीचे का माल आ ही नहीं सकता। सात देशों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी अलग से पहले से चल रही है।

हमारी राय

घरेलू सप्लाई कम, इम्पोर्ट पर ताला, क्रूड ऊपर, भाड़ा ऊपर, VCM की तंगी, डॉलर मजबूत। और बारिश के बाद की असली मांग तो अभी निकलनी शुरू हो गई है। पाइप, फिटिंग, फुटवियर — हर लाइन से पूछताछ आ रही है। एक भी तरफ से राहत का इशारा नहीं है।

PVC के भावों में आगे पुनः हल्की तेजी है।

जिनको माल लेना है, वो आज तय करें। हर बार की तरह इस बार भी जो रुकेगा उसे भाव भी ऊँचा मिलेगा और माल भी देर से।

यह रिपोर्ट बाजार की मौजूदा जानकारी और हमारे आकलन पर आधारित है। खरीद-बिक्री का अंतिम निर्णय व्यापारी का अपना होगा।