GBS Market Report
PVC Resin
गुरूवार, 27 अगस्त, 2026
पिछली रिपोर्ट का हिसाब
18 अगस्त को हमने लिखा था — जितना PVC चाहिए, आज तय कर लीजिए। चार दिन बाद, रिलायंस ने ₹1.50 प्रति किलो और बढ़ा दिया। 27 जुलाई से अब तक का जोड़ करें तो लो-K पर ₹8.50 और हाई-K पर ₹7.50 प्रति किलो बैठता है, चार हफ्ते से भी कम में।
11 अगस्त वाली रिपोर्ट में हमने उस हफ्ते के लिए ठहराव बताया था और हफ्ता वैसा ही निकला। जिन्होंने 18-19 अगस्त को माल तय कर लिया, उनका फायदा आज सामने आ रहा है।
आज बाजार की असल हालत
लेवाली बनी हुई है, पूछताछ रुकी नहीं है। साथ ही आयातित माल आना चालू हो चुका है, इसलिए सप्लाई की जो सख्ती पिछले हफ्ते थी, वो कुछ ढीली पड़ गईड़ी है।
बाजार फिलहाल स्थिर है, और इसकी वजह भाव नहीं — त्योहार हैं। कारखानों में मजदूरों की तंगी चल रही है और प्रोडक्शन पूरी रफ्तार पर नहीं है।
एक बात जो अक्सर नज़रअंदाज़ हो जाती है। किसानों का पैसा अभी बाजार में नहीं आया है, और व्यापारी उसी का इंतज़ार कर रहा है। पाइप और फिटिंग की असली उठान उसी पैसे से निकलती है। जब तक वो नहीं आता, खरीद संभलकर ही चलेगी।
आयातित माल भी इतना नहीं है कि बाजार भर जाए, बस पिछले हफ्ते की घबराहट थम गई है।
हमारी राय
अगले कुछ दिन बाजार ठहरा हुआ रहेगा। त्योहार, मजदूरों की कमी और किसान का पैसा बाहर — तीनों एक साथ मांग को दबाए हुए हैं।
पर यह ठहराव भाव गिरने का संकेत नहीं है। लागत का हर हिस्सा ऊपर बैठा है। त्योहार खत्म होते ही मांग में वृद्धि होगी, और तब तक इम्पोर्ट का जो थोड़ा माल आया है वो भी खप चुका होगा।
किसान का पैसा और त्योहार के बाद की उठान, दोनों एक साथ निकलेंगे। उस वक्त माल ढूँढ़ना आज के मुकाबले महंगा भी पड़ेगा और मुश्किल भी।
समझदारी इसी में है कि इस ठहराव का फायदा उठाकर जरूरत का माल अभी तय कर लिया जाए।
यह रिपोर्ट बाजार की मौजूदा जानकारी और हमारे आकलन पर आधारित है। खरीद-बिक्री का अंतिम निर्णय व्यापारी का अपना होगा।
तेजी की गुंजाइश बनी हुई है।