GBS Market Report
PVC Resin
गुरुवार, ३ सितम्बर 2026
पहले पिछली रिपोर्ट का हिसाब
पिछली बार हमने साफ कहा था, माल खरीद लीजिए। जिसने खरीदा वो आज मजे में है। जिसने नहीं खरीदा वो आज भाव पूछता है, और पूछकर चुप हो जाता है।
रिलायंस ने रेट फिर बढ़ा दिया है। और देखकर लगता है कि आगे भी बढ़ोतरी है।
खाड़ी में आग लगी हुई है
लड़ाई भयानक रूप से छिड़ चुकी है। 30 अगस्त को अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया। जवाब में ईरान ने जॉर्डन के दो अमेरिकी बेस पर मिसाइल और ड्रोन बरसा दिए। रोज कुछ न कुछ हो रहा है।
होर्मुज पर अमेरिका कब्जे का दावा करता है, ईरान कहता है बंद है। दावे जो भी हों, हकीकत यह है कि 30 अगस्त को वहाँ से सिर्फ ६ जहाज निकले। सामान्य दिनों में ८५ निकलते हैं। यानी सात प्रतिशत। और यह हाल १८५ दिन से चल रहा है।
सीधी बात, दुनिया का सबसे बड़ा तेल का दरवाजा लगभग बंद पड़ा है।
बीमा वालों ने हाथ खड़े कर दिए
वॉर-रिस्क बीमा ४० गुना हो चुका है। एक बड़े टैंकर का बीमा अब करीब एक करोड़ डॉलर बैठता है। छह बड़े मैरीन क्लब तो कवर देना ही बंद कर चुके हैं। मतलब साफ है, जहाज डूबे तो डूबे, हमसे मत पूछना।
और यहाँ कस्टम कड़क हो गया, माल छूट ही नहीं रहा। बिल कट चुका है, पैसा जा चुका है, और माल कंटेनर में आराम फरमा रहा है।
कच्चा माल भी गायब है
क्रूड और मेटल भी एक बार पुनः तेजी की तरफ मुड़ गये है।
DOP, DBP और CP, ये तीनों सगे भाई आसमान में उड़ रहे हैं. रेजिन मिल भी गया तो प्लास्टिसाइजर कहाँ से लाएंगे। खाली ड्रम से कंपाउंड कैसे बनेगा?
मांग सिर पर आ गई है
बारिश नहीं हुई, इसलिए सीजन की पूरी ग्राहकी एक साथ बाजार में निकल आई है। पाइप, फिटिंग, हर लाइन से पूछताछ है। एक तरफ सप्लाई फंसी हुई, दूसरी तरफ ग्राहकी सिर पर। ऐसे में भाव को रोकने वाला कोई नहीं बचता।
हमारी राय
क्रूड ऊपर। भाड़ा ऊपर। बीमा ऊपर। प्लास्टिसाइजर ऊपर। कस्टम में देरी। और मांग सिर पर।
तेजी की गुंजाइश बनी हुई है।
जितना माल चाहिए, आज तय कर लीजिए। लड़ाई का कोई भरोसा नहीं और होर्मुज कब खुलेगा, इसकी तारीख आज तक किसी ने नहीं बताई।
इंतजार करने वालों को दो ही चीजें मिलती हैं, ऊँचा भाव और अफसोस।
यह रिपोर्ट बाजार की मौजूदा जानकारी और हमारे आकलन पर आधारित है। खरीद-बिक्री का अंतिम निर्णय व्यापारी का अपना होगा।